अपराधलखनऊ

बीयर पार्टी के दौरान हंगामा : महिला ने पुलिस की कॉलर पकड़ी, किया अभद्रता

लखनऊ। नाका हिण्डोला थाना क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार देर रात शराब पार्टी कर रहे चार लोगों ने पुलिस टीम से जमकर अभद्रता की। बीच सड़क पर ऑल्टो कार खड़ी कर शराब पी रहे युवकों को रोकना पुलिस के लिए मुसीबत बन गया। टोकने पर कार में बैठी महिला भड़क उठी और मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक, एसआई अमजद अली अपने साथ सिपाही अशोक और अनूप के साथ बांस मंडी चौराहे के पास गश्त पर थे, तभी एक ऑल्टो कार सड़क किनारे खड़ी मिली। जांच के दौरान कार में एक महिला और तीन पुरुष बीयर पीते नजर आए। जब पुलिस ने मना किया तो महिला ने एसआई अमजद अली की कॉलर पकड़ ली और वर्दी फाड़ने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर महिला कॉन्स्टेबल रानी वर्मा, शशि देवी, किरण और फरहीन रिजवी को बुलाया गया। इस दौरान महिला ने खुद को मानसी बताया और महिला पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। आरोपी महिला ने कॉन्स्टेबल फरहीन रिजवी और किरण के हाथों में दांत से काट लिया, जबकि थाने ले जाने के बाद भी वह शांत नहीं हुई और गाली-गलौज करते हुए चप्पल से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। घटना में घायल महिला सिपाहियों को इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने महिला मानसी और उसके तीन साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर नाका श्रीकांत राय ने बताया कि आरोपियों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button