अपराध

घर में सेंध लगाकर 30 लाख की चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार, अवैध पिस्टल भी बरामद

लखनऊ। राजधानी के गुडम्बा थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच और गुडम्बा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन के साथ एक अवैध पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 को सरफराज हुसैन ने अपने घर में हुई चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। अज्ञात चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर घर में रखे आभूषण और नकदी पार कर दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर क्राइम ब्रांच, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार जांच में जुटी थीं।
इसी क्रम में 24 अप्रैल की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर स्कॉर्पियो क्लब के पास जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अदीबुर्रहमान उर्फ अद्दू (निवासी बाराबंकी), जीशान गाजी उर्फ छोटू (निवासी लखनऊ/बाराबंकी) और रामजी राजाराम सोनी (निवासी सरोजनीनगर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के जेवरात, 1,10,200 रुपये नगद, चार मोबाइल फोन और एक .32 बोर की अवैध पिस्टल के साथ चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही एक बुलेट मोटरसाइकिल भी सीज की गई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी आर्थिक लाभ के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। मुख्य आरोपी अदीबुर्रहमान और जीशान गाजी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button