अपराधलखनऊ

लूट के मुकदमे में वांछित हिमांशी यादव गिरफ्तार, पुलिस के मुताबिक 15 मुकदमे हैं दर्ज

लखनऊ। सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणियों और लूट के मुकदमे में वांछित चल रही महिला पर आखिरकार पारा पुलिस ने शिकंजा कस दिया। पुलिस ने शनिवार को हिमांशी यादव उर्फ मानसी यादव को हंसखेड़ा स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपित महिला के खिलाफ थाना पारा में पहले से ही 15 मुकदमे दर्ज हैं।
घर में घुसकर मारपीट और लूट का आरोप
पुलिस के अनुसार, हंसखेड़ा निवासी श्रीराम यादव ने 11 सितंबर को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि हिमांशी यादव और उसके पति विनोद यादव उनके घर में घुस आए। दोनों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया गया। शिकायत में श्रीराम यादव ने अपनी पत्नी की सोने की चेन और नकदी लूटने का भी आरोप लगाया।
इसके साथ ही इंस्टाग्राम पर लगातार उनके और उनकी पत्नी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने की शिकायत की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना पारा में मु0अ0सं0 642/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
11:30 बजे पुलिस ने घर से दबोचा
पुलिस टीम ने शनिवार 12 सितंबर को सुबह करीब 11:30 बजे हिमांशी यादव उर्फ मानसी यादव को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपित ने घर में जबरन प्रवेश करने, इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने और मौके पर विवाद होने की बात स्वीकार की।
2020 से दर्ज होते रहे मुकदमे
पुलिस के मुताबिक हिमांशी यादव के खिलाफ वर्ष 2020 से 2026 तक कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, लूट, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे शामिल हैं। पुलिस ने उसे आपराधिक प्रवृत्ति की महिला बताया है।
पारा पुलिस की टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह, उपनिरीक्षक मुन्ना लाल, मनीष कुमार सिंह व केशव कुमार शुक्ला, महिला उपनिरीक्षक अतृष्णा यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश यादव, कांस्टेबल राजकुमार तथा महिला कांस्टेबल बीतू रानी, रवीना और मंदाकिनी देवी शामिल रहीं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button