एक दिन, तीन मौतें: राजधानी में आत्महत्या की घटनाओं से सनसनी

लखनऊ। राजधानी में गुरुवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटनाओं से सनसनी फैल गई। पुलिस ने तीनों मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना थाना नाका क्षेत्र की है, जहां एक होटल में ठहरे युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान जितेन्द्र गोयल (34) पुत्र वासुदेव प्रसाद, निवासी कागारोल जनपद आगरा के रूप में हुई है। वह गुरुवार सुबह करीब 9 बजे होटल में ठहरा था। देर शाम उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर परिजनों को सूचना दे दी है।
दूसरी घटना थाना काकोरी क्षेत्र के ग्राम बहरू की है। यहां रामबालक सैनी (44) पुत्र मुन्नू ने नीम के पेड़ से बिजली के केबल का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से उन्नाव जनपद का रहने वाला था और पिछले करीब 14 वर्षों से अपनी ससुराल में रह रहा था। मृतक के दो छोटे बच्चे भी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीसरी घटना भी काकोरी थाना क्षेत्र के ग्राम पलेन्हदा के पास की है, जहां राजेश (38) पुत्र गनेश प्रसाद, निवासी उन्नाव, ने आम के पेड़ से रस्सी का फंदा बनाकर जान दे दी। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की पुष्टि हुई है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। तीनों घटनाओं के बाद संबंधित क्षेत्रों में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।



