लखनऊ

गर्मी बढ़ते ही बिजली संकट गहराया, कई घंटों की कटौती से लोग बेहाल

लखनऊ। जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, वैसे-वैसे शहर में बिजली व्यवस्था की पोल खुलने लगी है। पारा क्षेत्र में लंबे समय से बिजली बाधित रहने के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्वर्णिम स्कूल के आसपास और रजा नगर कॉलोनी में कई घंटों से बिजली गुल है। इससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिनभर की तपिश के बाद रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है, जिससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब हो रही है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिजली आने-जाने के दौरान तेज आवाज (फॉल्ट) भी सुनाई दे रही है, जिससे किसी बड़े तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। बावजूद इसके, संबंधित विभाग के अधिकारी स्थिति पर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।

लोगों में नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि शिकायत के बावजूद समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। कॉलोनी के आसपास ट्रांसफार्मर या लाइन में फॉल्ट की संभावना जताई जा रही है, लेकिन देर रात तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।

गौरतलब है कि हर साल गर्मी शुरू होते ही बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इससे निपटने के दावों पर खरा नहीं उतर पा रहा है। फिलहाल क्षेत्र के लोग जल्द से जल्द बिजली बहाल होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Related Articles

Back to top button