अपराधलखनऊ

कृष्णानगर पुलिस का बड़ा खुलासा: 2 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 5 चोरी के वाहन बरामद

लखनऊ। कृष्णानगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर कुल 5 चोरी के वाहन (2 ई-रिक्शा व 3 मोटरसाइकिल) बरामद किए हैं। मामला 12 व 13 अप्रैल 2026 की रात का है, जब कृष्णानगर क्षेत्र से एक ई-रिक्शा (UP32RT0873) और एक मोटरसाइकिल (CT-100, UP92S2780) चोरी होने की अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। पीड़ितों की तहरीर पर थाना कृष्णानगर में मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में चार टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने करीब 400-500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश तेज की गई। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आशाराम बापू मार्ग से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने काशीराम कॉलोनी, हंसखेड़ा स्थित एक किराये के मकान से तीन अन्य चोरी के वाहन भी बरामद कर लिए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शैलेन्द्र (20 वर्ष) निवासी आसरा कॉलोनी, हंसखेड़ा थाना पारा तथा नितेश कुमार शाह (19 वर्ष) निवासी कन्हैया माधवपुर, थाना दुबग्गा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शैलेन्द्र एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी के करीब 10 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे रात के समय सुनसान स्थानों पर घरों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। कृष्णानगर, मोहन रोड, हरदोई रोड और लालाबाग पुल जैसे क्षेत्रों से उन्होंने अलग-अलग समय पर वाहन चोरी किए और उन्हें छिपाकर रखते थे। बरामद वाहनों में दो ई-रिक्शा और तीन मोटरसाइकिल शामिल हैं, जिनमें से एक बिना नंबर प्लेट की भी है। ई-चालान ऐप के माध्यम से जांच में सभी वाहन अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर पंजीकृत पाए गए। फिलहाल पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं इनका संबंध किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से तो नहीं है। कृष्णानगर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button