लखनऊ

हाइडिल चौराहे का जाम हटाने के लिए बड़ा फैसला, लेबर मंडी शिफ्ट

लखनऊ। राजधानी के सरोजनीनगर इलाके में वर्षों से जाम की समस्या झेल रहे लोगों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पुलिस प्रशासन ने कानपुर रोड और हाइडिल चौराहे पर लगने वाली लेबर मंडी को हटाकर सैनिक तिराहे के पास खाली मैदान में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।

दरअसल, सड़क किनारे लगने वाली लेबर मंडी और अव्यवस्थित सब्जी विक्रेताओं के कारण यहां रोजाना लंबा जाम लग जाता था। इससे सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं, स्कूली बच्चों और ऑफिस जाने वाले लोगों को होती थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया।

शनिवार को थाना सरोजनीनगर में सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर रजनीश वर्मा और प्रभारी निरीक्षक राजदेव प्रजापति की मौजूदगी में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि हाइडिल चौराहे के पास लगने वाली लेबर मंडी को तत्काल प्रभाव से सैनिक तिराहे के पास शिफ्ट किया जाए।

इसके साथ ही सड़क किनारे दुकान लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे 26 अप्रैल से केवल निर्धारित मंडी परिसर के भीतर ही दुकान लगाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का मानना है कि इस फैसले से कानपुर रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और एम्बुलेंस, स्कूली बसों व आम लोगों को जाम से राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों और व्यापारिक संगठनों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Back to top button