उत्तर प्रदेश

नगर पालिका कार्यालय में चेयरमैन की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन

संडीला, हरदोई। सण्डीला नगर पालिका कार्यालय में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता नगर पालिका चेयरमैन मो0 रईस अंसारी ने की। कार्यक्रम में नगर क्षेत्र से आए नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी समस्याओं को चेयरमैन के समक्ष रखा।

जनसुनवाई के दौरान नगर की जनता ने साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, सड़क मरम्मत, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट, खाद्य सुरक्षा तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं। चेयरमैन मो0 रईस अंसारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि जनसमस्याओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर नगर पालिका अधिशासी अधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों को रजिस्टर में दर्ज कर संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द कार्रवाई की जा सके। सफाई व खाद्य निरीक्षक राजमंगल सिंह ने साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जनसुनवाई कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता इरफान हमीद ताज मियाँ, सभासद मो0 फैयाज़, सुरेश चन्द्र गुप्ता, हाफिज सज्जाद, पंकज सहित अन्य जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। उपस्थित नागरिकों ने जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इससे आम जनता को सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिलता है।

अंत में चेयरमैन मो0 रईस अंसारी ने कहा कि नगर पालिका जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे जनसुनवाई कार्यक्रम हर सोमवार नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, ताकि नगर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और समस्यामुक्त बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button