उत्तर प्रदेश

घर में घुसकर लूटपाट के बाद व्यापारी की हत्या, दहशत

लखीमपुर खीरी-थाना सम्पूर्णानगर क्षेत्र के भानपुरी खजुरिया गांव  में बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट के बाद व्यापारी के हाथ पैर बांधकर हत्या कर फरार हो गए।इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्राप्त विवरण के अनुसार थाना संपूर्णानगर क्षेत्र के भानपुरी खजुरिया गांव निवासी क्षेत्र के बड़े कारोबारी कृष्ण कुमार सेठी उर्फ बबलू 45 का गिरवीं गांठ का बड़ा कारोबार है।पूरे परिवार के बाहर जाने के कारण बीती रात वह घर में अकेले ही सो रहे थे।तभी अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट के बाद हाथपैर बांध कर उसकी हत्या कर दी। इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी।आज सुबह पहुंची खाना बनाने वाली महिला को घर का दरवाजा खुला मिला। जब वह अन्दर पहुंची तो बबलू का शव पड़ा देख हड़बड़ा गई और बाहर आकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी देकर पुलिस व परिजनों को सूचना करवायी।घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निराला तिवारी ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की सूचना पर सीओ पलिया यादवेन्द्र यादव एएसपी पश्चिमी नेपाल सिंह तथा एसपी गणेश प्रसाद साहा ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना कर मातहतों को जल्द ही मामले के खुलासे के साथ ही घटना में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।एएसपी पश्चिमी नेपाल सिंह ने बताया घटना के साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगर प्रिंट एवं फोरेंसिक एक्सपर्ट को मौके पर भेजा गया है।जबकि एसपी गणेश प्रसाद साहा का कहना है कि मृतक क्षेत्र का बड़ा व्यापारी था।उसका गिरवीं गांठ  का कारोबार है। इस घटना में पैसों के लेनदेन की बात आ रही है।सीसीटीवी फुटेज के साथ ही सभी एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिर्पोट से मौत का कारण स्पष्ट हो जायेगा।जल्द ही मामले का खुलासा कर कार्रवाई की जायेगी।

Related Articles

Back to top button