
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पश्चिमी जोन अंतर्गत थाना दुबग्गा क्षेत्र में रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से दिनदहाड़े बम फेंकने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। थाना दुबग्गा पुलिस और लखनऊ कमिश्नरेट की अपराध शाखा (स्वॉट/सर्विलांस) की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले में 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, दिनांक 16 जनवरी 2026 को शाम करीब 5:30 बजे थाना दुबग्गा क्षेत्र के ग्राम सिकरौरी स्थित एस.आर. ट्रेडर्स भवन पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बम फेंककर दहशत फैलाने की घटना की गई थी। इस संबंध में भवन स्वामी अंकित कुमार सिंह पुत्र मानसिंह, निवासी ग्राम ठकवा थाना मलिहाबाद की तहरीर पर कोतवाली दुबग्गा में जान से मारने के प्रयास, संपत्ति क्षति और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त, पश्चिमी द्वारा दो विशेष टीमों का गठन किया गया। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्तों का सरगना इन्द्रेश कुमार सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से संगठित रूप से लूट और रंगदारी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। अभियुक्तों ने पहले दिनांक 11 जनवरी 2026 को थाना मलिहाबाद क्षेत्र में एक व्यक्ति से मोबाइल फोन लूटा। उसी लूटे गए मोबाइल का प्रयोग कर एस.आर. ट्रेडर्स के मालिक से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रंगदारी न मिलने पर अभियुक्तों ने भय उत्पन्न करने के उद्देश्य से 16 जनवरी 2026 को दिनदहाड़े बमबाजी की घटना को अंजाम दिया। इसके बावजूद जब रंगदारी की राशि नहीं मिली तो अभियुक्तों ने अलग-अलग लूटे गए मोबाइल फोनों का उपयोग कर लगातार जान से मारने की धमकियां दीं। इसी क्रम में 22 जनवरी 2026 को थाना काकोरी क्षेत्र के ग्राम बहरू नहर के पास एक महिला से मोबाइल फोन लूट लिया गया, जिसकी सिम का प्रयोग कर पुनः व्यापारी को धमकाया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त पुनः किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। दिनांक 26 जनवरी 2026 को थाना दुबग्गा पुलिस और स्वॉट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शेखपुरवा मोड़ से इन्द्रेश कुमार सिंह, ज्ञानेन्द्र कुमार, राज उर्फ राजा, मोनू और अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से 03 नाजायज देसी बम बरामद किए गए, जिन्हें तत्काल निष्क्रिय कराया गया। इसके साथ ही लूटे गए मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं सहित विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लखनऊ में संगठित अपराध, रंगदारी और बमबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम जनता की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।



