लखनऊ में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों से कथित वसूली का आरोप
कुछ यूट्यूबर बना रहे दबाव, गलत खबरों की धमकी देकर मांगते हैं पैसे

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों से कुछ कथित यूट्यूबरों द्वारा वसूली किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि ये यूट्यूबर आए दिन ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी के दौरान वीडियो बनाकर गलत और भ्रामक खबरें प्रकाशित करने की धमकी देते हैं और इसके बदले पैसों की मांग करते हैं।
सूत्रों के अनुसार, जब ट्रैफिक पुलिस में तैनात दरोगा या अन्य कर्मी पैसे देने से मना कर देते हैं या पैसे न होने का बहाना बनाते हैं, तो यूट्यूबर दबाव बनाते हुए कहते हैं— “अगर कुछ नहीं है तो दो बियर का पैसा ही दे दीजिए।”
इस तरह की भाषा और व्यवहार से पुलिसकर्मियों में असहजता और मानसिक दबाव की स्थिति बन रही है।
बताया जा रहा है कि कुछ यूट्यूबर स्वयं को मीडिया से जुड़ा बताकर ट्रैफिक नियमों के पालन की आड़ में वीडियो रिकॉर्ड करते हैं और बाद में उसे सोशल मीडिया या यूट्यूब चैनल पर डालने की धमकी देकर अवैध वसूली का प्रयास करते हैं। कई मामलों में बिना तथ्यों के ही पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए जाते हैं।
इस पूरे मामले को लेकर ट्रैफिक पुलिस विभाग में नाराजगी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि इस तरह की शिकायतें सामने आती हैं तो संबंधित यूट्यूबरों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ऐसे तत्वों पर नजर बनाए हुए है जो पत्रकारिता या सोशल मीडिया की आड़ में अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं।
मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर सरकारी कर्मचारियों को डराना और उनसे वसूली करना कितनी बड़ी समस्या बनता जा रहा है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसे फर्जी यूट्यूबरों पर सख्त कार्रवाई हो ताकि ईमानदारी से ड्यूटी कर रहे कर्मियों को संरक्षण मिल सके।



