लखनऊ

लगातार बढ़ रही चाइनीज मांझे की घटनाएं, अधिवक्ता समेत कई लोग घायल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते तीन–चार दिनों से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें आम नागरिकों की जान और सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। हाल ही में एक युवक की चीनी मांझे की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग मौत के मुंह से बाल-बाल बचकर निकले हैं।
ताज़ा मामला शुक्रवार का है, जब अधिवक्ता शैलेन्द्र कुमार चीनी मांझे की चपेट में आ गए। यह घटना अलीगंज क्षेत्र में नीरा नर्सिंग होम के पास हुई, जहां अचानक उड़ते पतंग के धारदार चाइनीज मांझे से उनके होंठ और गाल गंभीर रूप से कट गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार दिलाया गया।
लगातार हो रही इन घटनाओं से आमजन में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम इसकी बिक्री और इस्तेमाल किया जा रहा है, जिस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं और नागरिकों ने एक स्वर में चाइनीज मांझे के इस्तेमाल का विरोध करते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button