
लखनऊ। थाना नगराम क्षेत्र अंतर्गत हसनपुर पुलिया के पास माइनर नहर में एक युवक का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर थाना नगराम पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस को यह सूचना आज दिनांक 05 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 09 बजे ग्राम हसनपुर से प्राप्त हुई कि गांव के पास स्थित माइनर नहर में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों से पूछताछ कर शव की पहचान शैलेंद्र कुमार पुत्र गंगा प्रसाद, निवासी पान कुंवर खेड़ा, हिलौली, थाना मौरावां, जनपद उन्नाव, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में की।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक अविवाहित था। उसकी भाभी का मायका ग्राम कनेरी, थाना नगराम क्षेत्र में है, जहां वह पूर्व में भी आता-जाता रहा है। मृतक के परिवार में उसकी माता एवं दो विवाहित बड़े भाई हैं। पुलिस द्वारा किए गए बाह्य निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। विधिक प्रक्रिया के तहत पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।
घटनास्थल के निरीक्षण एवं प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि मृतक नशे की हालत में नित्यक्रिया के बाद स्वच्छ होने के लिए माइनर नहर में उतरा होगा, जहां संतुलन बिगड़ने से वह फिसलकर मुंह के बल गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटनास्थल पर उसकी पैंट कमर से नीचे उतरी हुई अवस्था में पाई गई। ग्रामीणों के अनुसार मृतक नशे का आदी था और पूर्व में भी गांव में नशे की हालत में आता-जाता देखा गया था। बताया गया कि वह प्रायः सुबह से ही शराब का सेवन करता था तथा नशे की स्थिति में अभद्र भाषा का प्रयोग करता था।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



