बिजली की आवाजाही से जनता परेशान, जिम्मेदार अधिकारी व्यवस्था सुधारने में फेल

लखनऊ। राजधानी के कबीर नगर क्षेत्र सहित कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हंसखेड़ा, पुरानी काशीराम, नई काशीराम, गोविंद नगर और सुंदर विहार में पिछले आधे घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार बीते एक घंटे में चार बार बिजली गुल हो चुकी है। वहीं शकुंतला पावर हाउस, सरोसा पावर हाउस और एफसीआई पावर हाउस के अंतर्गत आने वाली कई कॉलोनियों में लगातार बिजली की आवाजाही जारी है। आरोप है कि हर 10 मिनट पर बिजली काटी जा रही है, जिससे लोगों के घरेलू उपकरण प्रभावित हो रहे हैं और भीषण गर्मी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी व्यवस्था को सुचारु करने में नाकाम साबित हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि जमीनी स्तर पर अधिकांश कार्य प्राइवेट कर्मचारियों के भरोसे चल रहा है, जबकि अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित हैं।
लगातार हो रही ट्रिपिंग और बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।



