लखनऊ के विजयपुर क्षेत्र में युवक को लगी गोली, हालत खतरे से बाहर

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विभूतिखण्ड थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात गोली चलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
पुलिस के अनुसार विजयपुर के आगे किसान चबूतरा के पास गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को मोनू शुक्ला उर्फ रोहित (25 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय विनोद शुक्ला घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया।
घायल मोनू शुक्ला मूल रूप से बाराबंकी जनपद के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के रंजीतपुर सुनहरा गांव का निवासी है और वर्तमान में चिनहट क्षेत्र में रह रहा है। पूछताछ में उसने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से उसका सैफ, शान यादव, अक्शीर, सार्थक यादव, डेविड, लकी यादव तथा दो अन्य व्यक्तियों के साथ विवाद चल रहा था। उसका आरोप है कि विपक्षी पक्ष द्वारा पहले उसके हाथ में तमंचा देकर वीडियो और रील बनाई गई थी तथा उसे वायरल करने की धमकी दी जा रही थी।
बताया गया कि बुधवार रात वह किसान चबूतरा के पास पहुंचा था, जहां विपक्षी पक्ष के लोग भी मोटरसाइकिल से आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद शुरू हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तमंचे को लेकर हुई छीना-झपटी के दौरान गोली चल गई, जो मोनू के दाहिने हाथ को छूते हुए उसकी जांघ में जा लगी।
चिकित्सकों ने घायल की हालत सामान्य बताते हुए उसे खतरे से बाहर बताया है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्राप्त तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों एवं तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।


