लखनऊ

लखनऊ के इटौंजा में बड़ा हादसा: पेय पदार्थ वितरण के दौरान मकान का छज्जा गिरा, दो बच्चों की मौत, पांच गंभीर

लखनऊ राजधानी के इटौंजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मोहल्ला पखरिया, मोहना में एक मकान के छज्जे से लोगों को पेय पदार्थ वितरित किए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक छज्जा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुल 10 लोग घायल हो गए, जिनमें दो मासूम बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही इटौंजा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, बीकेटी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान अली (12 वर्ष) पुत्र कासिम तथा अरमान (12 वर्ष) पुत्र इमरान, निवासी मोहना, थाना इटौंजा को मृत घोषित कर दिया।

घायलों में अजमल (7 वर्ष), जियान (3 वर्ष), सना (30 वर्ष), मोहम्मद हसीब (42 वर्ष) तथा जियाउल (30 वर्ष) की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

वहीं दाऊद (12 वर्ष) और अब्दुल वजूद (10 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि रूसीदा का उपचार 100 शैय्या अस्पताल में जारी है।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में लोग पेय पदार्थ लेने के लिए मकान के नीचे एकत्र थे। अचानक छज्जा गिरने से लोग उसकी चपेट में आ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर तत्काल राहत कार्य शुरू किया, जिससे घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button