लखनऊ

फर्जी IPS अधिकारियों का रौब दिखाकर पीड़िता पर बनाया समझौते का दबाव, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र में दर्ज एक मुकदमे की पीड़िता पर फर्जी आईपीएस अधिकारियों का नाम लेकर समझौते का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को बड़े पुलिस अधिकारियों का करीबी बताकर पीड़िता को धमका रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक उपाध्याय (21 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय विनय उपाध्याय निवासी ग्राम कुंवरपुर, थाना मछलीशहर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। वर्तमान में वह बीबीए का छात्र है और लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र स्थित जेडीए कॉलोनी, भौशोरा में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने काकोरी थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले की पीड़िता को मोबाइल फोन कर स्वयं को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताया। उसने प्रयागराज के एसपी सिटी और पटना के आईजी का करीबी होने का दावा करते हुए पीड़िता पर मुकदमे में राजीनामा करने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, आरोपी ने कार्रवाई कराने और अधिकारियों को निलंबित करवाने जैसी धमकियां देकर पीड़िता को भयभीत करने का प्रयास किया।

पीड़िता ने आरोपी की गतिविधियों से परेशान होकर इसकी शिकायत पुलिस से की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी द्वारा अधिकारियों का नाम लेकर झूठा प्रभाव बनाया जा रहा था और पीड़िता पर दबाव डालने का प्रयास किया गया था।

आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किसी संगठित नेटवर्क या अन्य लोगों के साथ मिलकर तो इस तरह की गतिविधियां नहीं कर रहा था।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को अधिकारी या किसी बड़े पदाधिकारी का करीबी बताकर दबाव बनाने का प्रयास करे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button