लखनऊ

48 घंटे में एक की मौत, रिटायर्ड फौजी गंभीर घायल

लखनऊ में चाइनीज मांझे का कहर

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में प्रतिबंधित चाइनीज पतंग के मांझे ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया है। बीते 48 घंटों के भीतर मांझे की चपेट में आकर जहां एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में एक रिटायर्ड फौजी गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार हो रही इन घटनाओं ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है।
गुरुवार को हैदरगंज ओवरब्रिज पर हुए दर्दनाक हादसे में 33 वर्षीय मोहम्मद शोएब की जान चली गई। शोएब बाइक से गुजर रहे थे, तभी अचानक तेज धार वाला पतंग का मांझा उनके गले में फंस गया। मांझे से गले की नसें कट गईं और मौके पर ही अत्यधिक खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक मोहम्मद शोएब दुबग्गा इलाके का निवासी बताया गया है। सूचना मिलने पर बाजारखाला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इसी दौरान गोमती नगर विस्तार इलाके में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर भारतीय सेना से सेवानिवृत्त बृजेश राय गंभीर रूप से घायल हो गए। बृजेश राय वर्तमान में एक कैंसर हॉस्पिटल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। सड़क पर अचानक मांझा उनके गले और शरीर में उलझ गया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बृजेश राय सरजू नगर, साईं दाता रोड, अर्जुनगंज, लखनऊ के निवासी हैं। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं, जो इस हादसे से सदमे में हैं।
गौरतलब है कि शासन द्वारा चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, इसके बावजूद शहर में खुलेआम इसकी बिक्री और लापरवाह पतंगबाजी जारी है। लगातार हो रही मौतें और गंभीर हादसे प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, विशेष अभियान चलाने और प्रभावी निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button