
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में जानलेवा पतंग के मांझे ने एक और युवक की जान ले ली। हैदरगंज ओवरब्रिज पर गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे में 33 वर्षीय मोहम्मद शोएब की मौत हो गई। हादसे के वक्त शोएब बाइक से गुजर रहे थे, तभी अचानक पतंग का तेज धार वाला मांझा उनके गले में फंस गया।
मांझे से गले की नसें कट गईं, जिससे शोएब को गंभीर चोट आई और मौके पर ही खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक मोहम्मद शोएब दुबग्गा इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बाजारखाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद एक बार फिर प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक रहे चाइनीज मांझे और लापरवाह पतंगबाजी पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और सख्त निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



