इंदिरानगर में बुजुर्ग ने जहरीला पदार्थ खाया, इलाज के दौरान मौत

लखनऊ। इंदिरानगर थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। इस संबंध में थाना इंदिरानगर को चंदन हॉस्पिटल, विभूतिखंड से डेथ मेमो प्राप्त हुआ है। पुलिस के अनुसार, दिनांक 01 फरवरी 2026 को सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली कि 73 वर्षीय बुजुर्ग लाल प्रताप सिंह, निवासी 202A, इंसाफनगर कॉलोनी, गौतमबुद्ध पार्क, सेक्टर-10, इंदिरानगर की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। जानकारी के मुताबिक, दिनांक 31 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे उन्होंने किसी अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने बताया कि शाम करीब 8 बजे जब उनकी बहू भोजन देने के लिए कमरे में पहुंची, तो उन्होंने लाल प्रताप सिंह को उल्टियां करते हुए देखा। पूछने पर उन्होंने स्वयं जहरीला पदार्थ सेवन करने की बात बताई। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए चंदन हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों द्वारा लगातार उपचार किया गया, लेकिन रात करीब 11:55 बजे उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों के अनुसार, मृतक प्रधानाध्यापक पद से सेवानिवृत्त थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। सूचना मिलने पर थाना इंदिरानगर पुलिस ने अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



