डीजीपी यूपी की सोशल मीडिया टीम ने आत्महत्या करने जा रहे युवक की बचायी जान

लखनऊ। ‘‘पुलिस भगवान बनकर आयी और मेरे बच्चे की जान बचा लिया। नहीं तो हमें पता भी नहीं चलता कि हमारा बेटा इतना बड़ा कदम उठाने जा रहा है। हम तो बे-अवलाद हो जाते। भला हो डीजीपी यूपी की सोशल मीडिया टीम का जिन्होंने ने मेरे बच्चे की वीडियो देख ली और तत्परता दिखाते हुए मेरे बच्चे की जान बचा ली। धन्यवाद उत्तर प्रदेश पुलिस‘‘
गाजियाबाद के एक युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या का प्रयास करते हुए वीडियो अपलोड किया तो पुलिस तत्काल एक्शन में आई। डीजीपी मुख्यालय के जरिए युवक के घर पुलिस भेजकर उसकी काउंसिलिंग कराई गई।
मामला गाजियाबाद कमिश्नरेट के थाना विजयनगर क्षेत्र का है। यहां के रहने वाले एक युवक ने मंगलवार की रात अपने गले में फंदा डाला और पंखे पर झूलने संबंधी आत्महत्या के प्रयास का वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। तत्काल इंस्ट्राग्राम सोशल मीडिया प्लेटफार्म की टीम ने इस बाबत पुलिस महानिदेशक मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के जरिए एलर्ट किया। पुलिस टीम ने आनन-फानन युवक की लोकेशन ली और कमिश्नरेट गाजियाबाद को सूचित कर दिया। थाना विजयनगर प्रभारी निरीक्षक अनीता चैहान ने रात में ही युवक के घर जाकर उससे मुलाकात कर उसकी समस्या की जानकारी ली। युवक ने बातचीत के दौरान बताया कि उसके व्यवसाय में 90 हजार रुपए का नुकसान हुआ था, जिससे वह अवसाद में है। अवसाद में आकर उसने इस प्रकार का वीडियो इंस्टाग्राम अपलोड पर किया। उसकी काउंसिलिंग की गई। युवक ने भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने का पुलिस को भरोसा दिलाया। प्रभाारी निरीक्षक ने युवक के परिजनों को बुलाकर युवक को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया। पुलिस के इस कार्य की सराहना करते हुए परिजनों ने यूपी पुलिस की कोटि-कोटि प्रशंसा की।



