
लखनऊ। सरोजनी नगर स्थित बंथरा थाना क्षेत्र के कुरौनी गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 28 मार्च 2026 की रात करीब 11:00 बजे दबंगों ने एक युवक पर कुल्हाड़ी और गर्म सलाखों से जानलेवा हमला कर दिया। कुरौनी गांव निवासी विमल कुमार एक मुंडन कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए खड़े सुदेश, सुमित, उमेश, गुड्डू और सिम्पू ने उन्हें आवाज देकर बुलाया। जब पीड़ित ने पास आने से मना किया तो आरोपियों ने गुस्से में आकर धारदार हथियार और तंदूर की गर्म सलाखों से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में विमल कुमार के सिर और शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह उनकी जान बचाई। पीड़ित परिवार ने बंथरा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। परिवार का यह भी कहना है कि पुलिस ने हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले को ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश की है। पीड़ित परिवार की मांग, सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए, परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए, इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।



