एक करोड़ 71 लाख का सौदा, 70 लाख में रजिस्ट्री! 47 लाख ट्रांसफर, बाकी रकम भी संदिग्ध

लखनऊ। काकोरी क्षेत्र से जमीन के फर्जीवाड़े और धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित दया शंकर, निवासी ग्राम पानखेड़ा (मजरा शिवरी), पोस्ट काकोरी, ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित के अनुसार, दिनेश कुमार, धीरेन्द्र, गोमती (निवासी पानखेड़ा शिवरी), जे०एस० यादव व उनकी पत्नी नीलम यादव (निवासी राजाजीपुरम) तथा दिलशाद ने आपस में मिलीभगत कर उनकी जमीन खसरा संख्या 1336, 1334 व 1333 को धोखाधड़ी से बेच दिया। आरोप है कि दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को उपनिबंधक द्वितीय कार्यालय में लेखपत्र संख्या 20312 के तहत कल्लूराम निवासी ग्राम दोना के पक्ष में रजिस्ट्री कर दी गई, जिसकी जानकारी पीड़ित और उसके परिवार को नहीं दी गई। दया शंकर का कहना है कि दिलशाद व एक अन्य व्यक्ति ने उन्हें झांसे में रखकर बिना जानकारी के जमीन का सौदा कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि जमीन का वास्तविक सौदा करीब 1 करोड़ 71 लाख रुपये में तय हुआ था, जबकि रजिस्ट्री मात्र 70 लाख रुपये दर्शाकर कराई गई और शेष रकम को अलग-अलग तरीकों से एक नंबर में दिखाकर हेराफेरी की गई। विपक्षियों ने कथित तौर पर अन्य हिस्सेदारों को पैसा देने की बात कही, लेकिन पीड़ित को उसका हिस्सा देने से इनकार कर दिया गया। पीड़ित ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि तीनों खसरा नंबर अलग-अलग स्थानों पर स्थित हैं, इसके बावजूद जमीन बेचने वाले लोगों ने खरीदार कल्लूराम को एक ही स्थान मोहान रोड) पर रकबे से अधिक भूमि पर कब्जा दिला दिया। इतना ही नहीं, कल्लूराम द्वारा लगभग 47 लाख रुपये किसी ऐसे व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर किए जाने का भी आरोप है, जिसका जमीन से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। आरोपियों द्वारा कहा गया कि यदि कहीं शिकायत की गई तो अंजाम बहुत बुरा होगा और उनके खिलाफ ही पैसा खर्च कर कार्रवाई दबा दी जाएगी। पीड़ित ने मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव, पुलिस आयुक्त लखनऊ समेत कई अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अपनी जान-माल की सुरक्षा और जमीन के पैसे दिलाए जाने की गुहार लगाई है।



