85 वर्षीय बुजुर्ग की जमीन पर कब्जे का आरोप, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र के भरोसा गांव में जमीन कब्जे को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव के रहने वाले 85 वर्षीय बुजुर्ग लछमन धोबी ने आरोप लगाया है कि कुछ दबंग लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। पीड़ित ने इस मामले में कोतवाली पारा में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित लछमन धोबी पुत्र स्व. शिव चरण के अनुसार, उन्हें ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नन्हई उर्फ बनवारी द्वारा अन्य ग्रामीणों की तरह मकान निर्माण के लिए भूमि आवंटित की गई थी। जब वह अपनी जमीन पर मकान बनवाने की तैयारी कर रहे थे, तभी गांव के ही अरुण कुमार रावत ने उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि अरुण कुमार रावत को भी ग्राम प्रधान द्वारा अलग जमीन दी गई थी, जिस पर वह पहले से ही मकान बनाकर रह रहा है। इसके बावजूद अब वह उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश कर रहा है, जबकि उनकी जमीन की बाउंड्री साल 2011 से बनी हुई है। बुजुर्ग का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उनकी जमीन पर रखी ईंट-पत्थर भी हटवा दिए और बीती रात जबरन बाउंड्री खड़ी कर दी। विपक्षी ने कथित तौर पर यह भी कहा कि उसके परिवार के लोग ऊंचे राजनीतिक पदों पर हैं, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़ित के मुताबिक विपक्षी की बहन वर्तमान में समाजवादी पार्टी से मां कल्याण सिंह वार्ड से पार्षद हैं, जबकि उसकी चाची पूर्व ब्लॉक प्रमुख और पूर्व मलिहाबाद विधानसभा प्रत्याशी रह चुकी हैं। बुजुर्ग पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कब्जा रुकवाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।



