लखनऊ में बैरिकेडिंग के भरोसे ट्रैफिक व्यवस्था, शहरवासी रोज जाम से परेशान

Lucknow। लखनऊ में यातायात व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर के प्रमुख इलाकों जैसे हजरतगंज, हैदरगंज चौराहा, भूतनाथ, दुबग्गा, मोहन रोड और बंदरियाबाग में जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यातायात के निजाम बदलने के बाद भी ट्रैफिक व्यवस्था में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा। हालात यह हैं कि जहां जाम की स्थिति नहीं होती, वहां भी बैरिकेडिंग कर दी जाती है, जिससे यातायात और अधिक बाधित हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ट्रैफिक प्रबंधन के लिए स्थायी समाधान निकालने के बजाय बैरिकेडिंग और यू-टर्न पर निर्भर हो गया है। कई जगहों पर “डेडीकेटेड लेन” और अनावश्यक यू-टर्न व्यवस्था भी जाम की बड़ी वजह बन रही है।
रोजाना ऑफिस जाने वाले लोगों और व्यापारियों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी कम होने और सही दिशा-निर्देशन के अभाव में स्थिति और बिगड़ रही है।
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बैरिकेडिंग के बजाय स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, सिग्नल सिस्टम को दुरुस्त करने और ट्रैफिक पुलिस की सक्रिय तैनाती पर ध्यान दिया जाए, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।



