उत्तर प्रदेश

स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण हेतु जनपद के 19 विकास खंडों में लगे बैंक कैंप

756 समूहों का हुआ केवाईसी; लाखों की आर्थिक मदद और ऋण का खुलेगा रास्ता

हरदोई | 20 जनवरी, 2026

​जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आज जनपद हरदोई के सभी 19 विकास खंडों के अंतर्गत संचालित समस्त बैंक शाखाओं में विशेष कैंपों का आयोजन किया गया। यह कैंप मुख्य रूप से स्वयं सहायता समूहों (SHG) के बैंक खाते खोलने और उनके केवाईसी (KYC) प्रक्रिया को पूर्ण करने के उद्देश्य से लगाए गए।

756 समूहों ने पूर्ण की प्रक्रिया

​कैंप के दौरान जनपद के 756 स्वयं सहायता समूहों के पदाधिकारियों ने बैंक शाखाओं में उपस्थित होकर केवाईसी का कार्य पूर्ण कराया। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुसार, अब इन समूहों के खातों का संचालन तीन पदाधिकारियों में से किन्ही भी दो के संयुक्त हस्ताक्षर से किया जा सकेगा।

समूहों को मिलने वाली वित्तीय सहायता का विवरण:

​खाता प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शासन द्वारा इन समूहों को विभिन्न चरणों में निम्नलिखित आर्थिक लाभ दिए जाएंगे:

  1. स्टार्टअप फंड: प्रत्येक समूह को ₹2,500 की प्रारंभिक धनराशि।
  2. रिवॉल्विंग फंड: गठन के 3 माह बाद ₹30,000 प्रति समूह।
  3. सामुदायिक निवेश निधि (CIF): गठन के 6 माह बाद ₹1,50,000 प्रति समूह।
  4. क्रेडिट लिंकेज (CCL): आजीविका संवर्धन हेतु ₹6,00,000 तक का ऋण, जिसे बिना किसी बंधक के ₹10,00,000 तक बढ़ाया जा सकता है।

सीडीओ ने की पल-पल की मॉनिटरिंग

मुख्य विकास अधिकारी ने इन कैंपों की प्रगति की स्वयं कमान संभाली। उन्होंने विकास खंडवार प्रत्येक दो-दो घंटे पर रिपोर्ट मंगवाकर फीडबैक लिया। इस अभियान को सफल बनाने में जिला विकास अधिकारी (DDO), उपायुक्त स्वतः रोजगार, समस्त खंड विकास अधिकारी (BDO), जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (LDM) और बैंक प्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

​कैंप में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और समूह पदाधिकारियों ने भारी उत्साह के साथ प्रतिभाग किया, जिससे ग्रामीण स्वरोजगार की दिशा में एक नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button