अपराधलखनऊ

गांव में चोरी के इरादे से घुसे बदमाशों ने युवक को मारी गोली

लखनऊ। मड़ियांव दाउदनगर में दऊ बाबा की मजार के पास गुरुवार रात करीब 11 बजे खाली प्लाट पर असलहों से लैस चार बदमाश खड़े थे। मोहल्ले वालों के टोकने पर बदमाश भगाने लगे। ग्रामीणों ने ललकारते हुए बदमाशों को दौड़ा लिया। एक बदमाश ने फायरिंग कर दी। गोली वेल्डिंग कारीगर मो. सलीम के सीने में जा धंसी। उधर, गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य लोग दौड़े। घेराबंदी कर दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि दो भाग निकले। इस गोलीकांड के बाद गांव में दहशत है।
ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाशों को जमकर पीटा और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
एसीपी अलीगंज आशुतोष कुमार ने बताया कि बदमाशों की गोली से घायल मो. सलीम को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसकी हालात में पहले से सुधार है।
वहीं, पुलिस टीम ने पकड़े गए बदमाशों के पास से तमंचा, प्लास, साबड़, सरिया व अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार बदमाशों में फुरकान और खलील है। फुरकान और खलील यहां ठाकुरगंज हजाराबाग मैरिज लान के पास एक किराए के कमरे में रहते थे। दोनों के कमरे पर दबिश दी गई। कमरे से चोरी की दो टीवी, इलेक्ट्रानिक्स के अन्य उपकरण आदि बरामद किए गए हैं।
खलील सीतापुर के मथुरा रामपुर महमूदाबाद का रहने वाला है। वहीं, फुरकान बाराबंकी के देवा सरैया का है। इंस्पेक्टर मड़ियांव अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया। शाम को पुलिस ने बदमाशों के एक अन्य साथी इमरान को भी हिरासत में ले लिया। इमरान से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की जाएगी।
सिराज वेल्डिंग का काम करता है। उनके पिता मो. मेराज प्राइवेट नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि घर से कुछ दूरी पर डा. अलीम का प्लाट है। उसमें लिप्टस के पेड़ लगे हैं। बदमाश पीपे वाले पुल की ओर से आए और प्लाट में पेड़ों की आंड में खड़े होकर सिगरेट पी रहे थे। उधर से गुजरे तो वह पड़ोस में रहने वाले मेराज के बंद मकान के बारे में बात कर रहे थे। मो. मेराज ने बताया कि इस पर वह वापस घर आ गए। उन्होंने पड़ोस रसीद, अनीस, कल्लू निषाद समेत अन्य को फोन किया। सब लोग अलर्ट हो गए और मौके पर आने लगे। बदमाश रुके नहीं वह भागने लगे। बेटे और पड़ोस के साथ बदमाशों का पीछा किया। एक बदमाश ने फायरिंग शुरू कर थी। गोली बेटे के सीने में लग गई। दाहिने हाथ में भी छर्रे लगे थे।

Related Articles

Back to top button