लखनऊ

घंटाघर घूमने आयी महिला के साथ छेड़छाड़

लखनऊ। पति के साथ घंटाघर पार्क में घूमने आयी महिला से तीन शोहदों ने छेड़छाड़ किया। फोटो खींचने के दौरान महिला पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। पति ने विरोध किया तो मनबढ़ युवकों ने पति और उसके दोस्त की लात-घूसों से पिटाई कर दी। जब बचने के लिये दोनों भागे तो उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस बीच वहां घूम रहे कुछ लोगों ने हिम्मत दिखायी और शोहदों की धुनाई कर दी। फिर तीनों को पुलिस को सौंप दिया। ठाकुरगंज पुलिस ने तीनों के खिलाफ पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चौक के लाजपत नगर में रहने वाली पीड़ित महिला दो दिन पहले अपने पति के साथ घूमने के लिये घंटाघर पार्क गई थी। वह कार से उतर पार्क के अंदर चली गई। वह वहां फोटो खींचने लगी। इस दौरान वहां मौजूद तीन युवकों ने उनसे छेड़छाड़ की। आपत्तिजनक टिप्पणी की। पीड़िता उनकी हरकतों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ गई। तीनों युवक भी पीछे-पीछे चलने लगे। इसी दौरान पति भी कार पार्क कर अंदर आ गया। उसने युवकों को पत्नी का पीछा करते देखा तो विरोध किया। विरोध से नाराज युवकों ने महिला के पति की जमकर धुनाई कर दी। इस बीच ही वहां मौजूद पति के दोस्त की नजर उन पर पड़ी तो वह मदद के लिये आये। युवकों ने उन पर भी हमला बोल दिया।
घंटाघर पार्क में घटना के समय कई लोग मौजूद थे। इनमें से कुछ लोगों ने हिम्मत दिखायी और पीड़ित दम्पत्ति की मदद के लिये आगे आ गये। इन लोगों ने छेड़छाड़ करने वाले तीनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। आरोपितों ने भीड़ से भी उलझने का प्रयास किया पर तब तक पुलिस आ गई। इंस्पेक्टर विकास राय के मुताबिक आरोपितों में खदरा, मदेयगंज निवासी मो. नवाज, उसका भाई मो. शाहरुख और दोस्त राज कश्यप हैं। पीड़ित दम्पत्ति की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button