परिवार पर कहर बनकर टूटी आकाशीय बिजली, दो बच्चों की मौत दो घायल

सगे भाई थे दोनों मृतक बच्चे
लखीमपुर/मोहम्मदी खीरी। कई दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए मौसम ने जो राहत बरसाई उसके साथ आयी तड़तड़ाती आकाशीय बिजली एक परिवार पर आफत बन कर टूट पड़ी। इससे एक ही परिवार के दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई तथा दो झुलस कर घायल हो गए।इस घटना की सूचना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।प्राप्त विवरण के अनुसार थाना मोहम्मदी क्षेत्र के पड़री गंाव में आज सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई बरसात में कई दिनों से भीषण गर्मी से परेशान बच्चे भी मौज मस्ती करने के लिए अपने घरों से बाहर निकल आये।तभी बादलों की तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली भी तड़तड़ाने लगी।इसी दौरान अपने घर के बाहर लगे आम के पेड़ के पास बारिश के पानी में भीग कर खेल रहे एक ही परिवार के आनन्द (10) एवं अभयराज (6) पुत्र तेजपाल तथा विनीत (4) पुत्र महेन्द्र तथा नीरज पुत्र प्रेमपाल के ऊपर अचानक आकाशीय बिजली कहर बनकर टूट पड़ी। इससे सभी बच्चे गम्भीर रूप से झुलस गये।बच्चांे पर बिजली गिरने की जानकारी होते ही परिजनों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहम्मदी पहुंचाया।जहां डाक्टरों आनंद व अभयराज को मृत घोषित कर दिया।यह दोनों सगे भाई थे।वहीं विनीत की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।इसके अलावा एक बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम डॉ अवनीश कुमार सीओ अरुण कुमार सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे और वहां से सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर इलाज आदि के बारे में जानकारी कर पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन देकर शांत कराया।पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से जहां बच्चों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।वहीं पूरे गांव में मातमी संन्नाटा पसरा हुआ है।



