
लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुद्धेश्वर चौराहे के पास स्थित भपटामऊ मोहल्ले में बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई। 55 वर्षीय व्यवसायी कप्तान सिंह सरदार ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस तत्काल मौके पर पहुँचकर जांच में जुट गई। बताया जा रहा है कि मृतक मूल रूप से कासगंज जनपद के निवासी थे और लखनऊ में सोने की कील का व्यापार करते थे। वह भपटामऊ में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। घटना सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। अचानक चली गोली की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए। मौके पर पहुंचे परिजनों और पड़ोसियों ने देखा कि कप्तान सिंह खून से लथपथ हालत में पड़े हैं। मामले में एसआई विनय पटेल ने बताया कि पारिवारिक कलह के चलते बुजुर्ग ने यह आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने बताया कि कप्तान सिंह अपने दो बड़े बेटों के साथ लखनऊ में रहते थे, जबकि उनके दो छोटे बेटे कासगंज जिले में अपनी मां के साथ निवास करते हैं। परिवार में चल रहे आपसी तनाव को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। इसके अलावा यह भी जानकारी सामने आई है कि जुलाई 2025 में मोहिनी पत्नी पवन द्वारा मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिससे मृतक काफी परेशान थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। सूचना मिलते ही पारा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन लाइसेंसी हथियार के इस्तेमाल सहित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना की वास्तविक वजह जानने का प्रयास कर रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।



