लखनऊ

कोरोना :आलमबाग, अलीगंज समेत चार इलाके रेड जोन बने

लखनऊ। दिसंबर माह में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए आलमबाग, अलीगंज, सिल्वर जुबली, सरोजनीनगर को रेड जोन घोषित कर दिया गया है। इन इलाकों में घर-घर जांच, सघन सर्विलांस, सेनेटाइजेशन और संक्रमितों के घर बैरीकेड लगाए जाएंगे। इसके अलावा व्यवस्थाओं को मुस्तैद करने के लिए रविवार से सभी चिकित्सकीय, प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। गौरतलब है कि शनिवार को मिलाकर बीते आठ दिन में कोरोना के 40 मामले सामने आ चुके हैं।
जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने कोरोना संक्रमण पर शनिवार को शिविर कार्यालय में आपात बैठक कर अफसरों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल कमांड सेंटर में पूर्व की तरह डॉक्टरों और प्रशासनिक नोडल अफसरों की ड्यूटी लगा दी गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिस तरह दूसरी लहर के दौरान व्यवस्थाएं लागू की गई थीं, अब दोबारा उसी तरह चलेंगी। कोविड कमांड सेंटर पर ड्यूटी लगाई जा रही है। प्रशासन के अफसर और डॉक्टर आठ-आठ घंटे की पाली में ड्यूटी करेंगे। पूर्व की अन्य व्यवस्थाओं को भी पहले जैसे ही सक्रिय कर दिया गया है। रोजाना शाम को सीएचसी पर पूरे दिन की रिपोर्ट भी जारी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने रविवार से सभी अस्पतालों में कोविड वार्ड शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सभी अस्पतालों की निगरानी, आने वाले मरीजों की संख्या पर कंट्रोल रूम के जरिए नजर रखने के लिए एडीएम ट्रांसगोमती को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
ओमीक्रोन वैरिएंट के खतरे को देखते हुए डीएम ने रैपिड रेस्पॉन्स और सर्विलांस टीमों की संख्या दोगुनी करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम को मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और टीकाकरण जागरूकता के लिए संदेश प्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button