उत्तर प्रदेश

सड़क दुर्घटना में बुआ-भतीजी समेत तीन की मौत

लखनऊ। महोली के हरगांव मार्ग पर इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में रन्नूपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार एक बाइक में टक्कर मारने के बाद खंती में पलट गई। घटना में बाइक सवार बुआ भतीजी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सभी बाइक सवार रिश्तेदारी में मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कार सवार सभी लोग मौके से भाग निकले। सूचना पाकर मौके पर पहंुची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महोली कोतवाली क्षेत्र के ढकिया गांव निवासी सोनेश्री (65) का मायका पीतमपुर गांव में है। उसके भाई के पोते का अन्न्नप्राशन सोमवार को हुआ था। इस मौके पर आयोजित दावत में शामिल होने के लिए वह अपनी भतीजी राजेश्वरी (30) और बहन के पुत्र धर्मेंद्र (25) निवासी पिपरावां के साथ बाइक से पीतमपुर जा रही थी। सोमवार शाम लगभग पांच बजे महोली हरगांव मार्ग पर सीतापुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी और सड़क किनारे खंती में पलट गई।
टक्कर लगने से सोनेश्री, राजेश्वरी और धर्मेंद्र भी उछलकर सड़क और खंती में जा गिरे। धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था और उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। राजेश्वरी को जिला अस्पताल और सोनेश्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महोली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तीनों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button