अपराध

ढाबा संचालक और उसके पुत्र ने पुलिसकर्मियों से मारपीट, छह पुलिसकर्मी घायल

लखनऊ। सैरपुर के अहलादपुर गांव में देर रात तक ढाबा खुलने पर पुलिस ने टोक दिया। इस बात से नाराज ढाबा संचालक पिता-पुत्र ने अपने परिवारीजनों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान छह पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया जिसके बाद संचालक पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। एसएसआई की तहरीर पर पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसीपी अलीगंज अली अब्बास के मुताबिक, बुधवार देर रात सैरपुर थाने के एसएसआई राधेश्याम मौर्य पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस बीच रात करीब एक बजे के आसपास पुलिस टीम अहलादपुर गांव पहुंची। वहां पर एक ढाबा खुला था। ढाबे पर कुछ लोग मौजूद थे। जिस पर एसएसआई और दरोगा रजनीश शुक्ला ने ढाबा संचालक शुभम यादव से इतनी रात में ढाबा खुले होने पर आपत्ति की और सवाल-जवाब किया। आरोप है कि पुलिस के सवालों से ढाबा संचालक शुभम यादव भड़क गया। इस पर पुलिस ने शुभम के पिता मान सिंह यादव को बुलाया। मान सिंह यादव के वहां पहुंचने के बाद दोनों पुलिस से उलझ गए। इसके बाद ढाबा संचालक पिता-पुत्र, पुलिस वालों से हाथापाई करने लगे।

हंगामा होता देख ढाबा संचालक के चाचा व उसके परिवार की महिलाओं ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। हाथापाई और मारपीट में पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी गई। स्थिति को बिगड़ता देख एसएसआई ने थाने व उच्चाधिकारियों को सूचना दी। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने किसी तरह ढाबा संचालक शुभम यादव व उसके पिता मान सिंह यादव को गिरफ्तार किया। एसएसआई के मुताबिक, मारपीट और हमले में उनको, दरोगा रजनीश, अशोक, सिपाही राजेश आर्य, शशांक, महिला सिपाही मधु और वर्षा चोटिल हो गए। इस मामले में एसएसआई ने आरोपी शुभम यादव, उसके पिता मान सिंह, मां रूपा यादव, बहन रोशनी यादव और चाचा अमर सिंह यादव के खिलाफ सैरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button