अपराधबड़ी खबरलखनऊ

लखनऊ में दिल दहला देने वाली घटना, माता-पिता ने ही की थी 4 साल के मासूम की हत्या

लखनऊ। राजधानी के चौक थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक दंपति ने कथित रूप से अपने ही 4 साल 4 माह के मासूम बेटे अर्नव खरबन्दा की बेरहमी से हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, उन्नाव जिले के गंगाघाट निवासी सुधा कश्यप ने थाना चौक में शिकायत दर्ज कराई कि उनके दामाद भीष्म खरबन्दा ने 12 मार्च को फोन कर बताया कि उनके नाती अर्नव खरबन्दा की मौत हो गई है। सूचना मिलने पर परिवार जब लखनऊ के लाजपत नगर स्थित घर पहुंचा तो बच्चे का शव बरामदे में चादर से ढका मिला।

परिजनों ने जब चादर हटाकर देखा तो बच्चे के शरीर पर कई जगह चोट के गहरे निशान थे और पैरों पर जलाने के भी निशान मिले। आरोप है कि संपत्ति के लालच में पिता भीष्म खरबन्दा और उसकी दूसरी पत्नी रागिनी खरबन्दा ने मासूम की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चौक पुलिस ने मु0अ0सं0 40/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को नेहरू युवा केंद्र के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त झाड़ू, वाइपर, सब्जी काटने वाला चाकू, स्केल, बेल्ट और रस्सी बरामद की है।

यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button