लखनऊ: किसान पथ पर दर्दनाक हादसा, ट्रक क्लीनर की मौत

लखनऊ। लखनऊ में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक क्लीनर की जान चली गई। घटना थाना बिजनौर क्षेत्र के किसान पथ स्थित नटकुर अंडरपास के पास सर्विस रोड पर हुई।
पुलिस के अनुसार, आज दिनांक 28 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 10 बजे सूचना मिली कि एक ट्रक क्लीनर दूसरे ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही थाना बिजनौर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और घायल को उपचार के लिए सीएचसी सरोजनीनगर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान संदीप (उम्र लगभग 35 वर्ष) पुत्र मुनेश्वर, निवासी ग्राम सिमरा, थाना हसनगंज, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संदीप अपने चालक फुरकान के साथ झांसी से लखनऊ होते हुए गोरखपुर जा रहे थे। नटकुर अंडरपास से उतरकर सर्विस रोड पर ट्रक खड़ा करने के दौरान संदीप नीचे उतरकर वाहन को किनारे लगवा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक संख्या RJ 11 GC 7531 के चालक ने कथित रूप से तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



