दहेज विवाद में ससुर की हत्या, दामाद गिरफ्तार
फावड़े से सिर पर वार कर किया था हमला, इलाज के दौरान हुई मौत

लखनऊ। लखनऊ के थाना बंथरा क्षेत्र के ग्राम चक में दहेज विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी को मायके भेजने को लेकर हुए विवाद में दामाद ने अपने ससुर के सिर पर फावड़े से वार कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल ससुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर आलाकत्ल फावड़ा बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम चक निवासी पूजा रावत की शादी करीब दो वर्ष पूर्व संदीप रावत पुत्र श्यामलाल से हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति व ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर प्रताड़ना की जा रही थी।
दिनांक 13 फरवरी 2026 को पूजा ने ऑपरेशन के जरिए एक बच्चे को जन्म दिया।
22 फरवरी 2026 को पूजा के पिता रामनरेश अपनी बेटी को मायके ले जाने के लिए ससुराल पहुंचे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि संदीप रावत ने आक्रोश में आकर फावड़े से अपने ससुर रामनरेश के सिर पर वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल रामनरेश को पहले स्थानीय अस्पताल, फिर लोकबंधु अस्पताल और बाद में केजीएमयू रेफर किया गया, जहां 26 फरवरी 2026 को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मुकदमा दर्ज, धारा बढ़ाई गई
पीड़िता की तहरीर पर 22 फरवरी को मुकदमा अपराध संख्या 45/2026 धारा 85/115(2)/352/110 बीएनएस में पंजीकृत किया गया था। पीड़ित की मृत्यु के बाद मुकदमे में धारा 105 बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
आरोपी गिरफ्तार, फावड़ा बरामद
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम चक से नरायनपुर–बेहटा मार्ग के पास से 28 वर्षीय संदीप रावत को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया।
आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण पाल मिश्रा, उपनिरीक्षक श्यामू, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार एवं हेड कांस्टेबल राहुल कुमार सिंह की प्रमुख भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अन्य नामजद/अज्ञात आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है।



