लखनऊ

किसान पथ पर दर्दनाक हादसा: स्कूटी सवार युवक की मौत, डीसीएम चालक हिरासत में

लखनऊ। राजधानी के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में किसान पथ पर हुए सड़क हादसे में एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना 27/28 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 10:00 बजे किसान पथ पिपरसंड अंडरपास के पास हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिजीत पुत्र धर्मेन्द्र, निवासी पिपरसंड थाना सरोजनी नगर, अपनी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान किसान पथ से नीचे उतर रही एक डीसीएम (छोटा मालवाहक वाहन) के चालक ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अभिजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सरोजनी नगर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया है।पुलिस के अनुसार प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था पूर्णतः सामान्य है।

Related Articles

Back to top button