अपराधलखनऊ

डिप्टी खेड़ा में सनसनीखेज हत्या, पुरानी रंजिश में पड़ोसी बना मजदूर का कातिल

लखनऊ। पारा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत डिप्टी खेड़ा इलाके में बीती रात करीब 2 बजे एक मजदूर की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का शव उसके घर के बाहर सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान शिव प्रकाश उर्फ छोटू (32 वर्ष) पुत्र शिवदीन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भदेसर मऊ, थाना मलिहाबाद का निवासी था और पिछले लगभग 25–26 वर्षों से हैदर कैनाल, डिप्टी खेड़ा स्थित मोदी भट्ठा के पास रहकर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। परिजनों के अनुसार, शिव प्रकाश की लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई कर हत्या की गई और साजिशन उसका शव घर के बाहर सड़क पर फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोस में रहने वाले सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। दोनों पड़ोसी थे और अक्सर आपसी विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात भी कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया, जो हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया और इसी दौरान सतीश कुमार ने शिव प्रकाश पर जानलेवा हमला कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी सबीता, बड़ा बेटा नीतीश कुमार और छोटा बेटा रौनक कुमार को छोड़ गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और साक्ष्यों व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button