अपराधलखनऊ

मोबाइल लेने निकली शिक्षिका की सड़क हादसे में मौत

लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के मौदा मोड़ पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एलपीएस स्कूल, आशियाना में कार्यरत स्पोर्ट्स टीचर जूली यादव (24 वर्ष) की एक तेज रफ्तार डीसीएम वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह करीब 6:15 बजे जूली यादव अपने घर ग्राम मौदा से स्कूल जाने के लिए निकली थीं। रास्ते में उन्हें याद आया कि वे अपना मोबाइल घर पर ही भूल गई हैं। जैसे ही वह मौदा मोड़ के पास मोटरसाइकिल मोड़कर घर की ओर वापस लौटने लगीं, तभी गैस सिलेंडर लदा एक अज्ञात डीसीएम वाहन पीछे से आकर उनकी बाइक से टकरा गया।हादसे में जूली गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि डीसीएम वाहन की पहचान की जा सके। मृतका के परिजनों ने बताया कि जूली यादव एक होनहार और अनुशासित युवती थीं, जो रोजाना समय पर स्कूल जाती थीं। सुबह-सुबह हुए इस हादसे से परिवार और गांव में मातम पसरा है।पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button