एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे को लेकर यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी, गति सीमा में कटौती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ते कोहरे और धुंध के कारण एक्सप्रेसवे पर दृश्यता (Visibility) बेहद कम हो गई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यूपी एक्सप्रेसवे प्रशासन द्वारा सुरक्षित यात्रा को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की गई है।
एडवाइजरी के अनुसार, जब दृश्यता 50 मीटर से कम हो जाए तो वाहन चालकों को नजदीकी वे-साइड एमिनिटीज, टोल प्लाजा या पेट्रोल पंप पर वाहन खड़ा कर दृश्यता सामान्य होने तक प्रतीक्षा करने की सलाह दी गई है। नींद या थकान महसूस होने पर भी वाहन रोककर विश्राम करने को कहा गया है।
गति सीमा में अस्थायी कटौती
प्रशासन ने 19 दिसंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक एक्सप्रेसवे पर पुनर्निर्धारित अधिकतम गति सीमा लागू की है—
- एम-1 श्रेणी (8 सीट से अधिक यात्री वाहन)
सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक : 80 किमी/घंटा
रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक : 60 किमी/घंटा - एम-2 और एम-3 श्रेणी (9 या अधिक सीटों वाले यात्री वाहन)
सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक : 60 किमी/घंटा
रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक : 50 किमी/घंटा - मालवाहक वाहन (एन श्रेणी)
सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक : 50 किमी/घंटा
रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक : 40 किमी/घंटा
गति सीमा का उल्लंघन करने पर आईटीएमएस (ITMS) के माध्यम से चालान की कार्रवाई की जाएगी।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
- सुरक्षा की दृष्टि से काफिले (Convoy) में यात्रा करने का प्रयास करें।
- यात्रा के दौरान वाहनों की इमरजेंसी इंडिकेटर लाइट चालू रखें और आगे-पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगवाएं।
- निर्धारित स्थानों के अलावा एक्सप्रेसवे या उसके किनारे वाहन पार्क न करें।
किसी भी आपात स्थिति में यूपीड़ा के हेल्पलाइन नंबर 14449 पर संपर्क करें। - एक्सप्रेसवे प्रशासन और सुरक्षा टीम ने यात्रियों से अपील की है कि सुरक्षित यातायात के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके।



