छात्र को दरोगा ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

लखनऊ। बीबीडी स्थित गोयल हाइट्स अपार्टमेंट में दोस्त से मिलने गए 11वीं के छात्र को जमकर पीटा गया। मारपीट से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। वहीं छात्र की पिटाई करने का आरोप फायर सर्विस में तैनात दरोगा पर लगा है। जिसके खिलाफ छात्र के पिता ने बीबीडी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
देवा रोड निवासी मनीष मिश्रा का बेटा युवराज जयपुरिया स्कूल में 11वीं का छात्र है। 26 जनवरी को छात्र दोस्त शाश्वत से मिलने गोयल अपार्टमेंट स्थित उसके घर गया था। जहां गेट खोलने को लेकर युवराज की सुरक्षा गार्डों से कहासुनी हुई। विवाद के बीच फायर सर्विस में तैनात दरोगा विजय मिश्रा आ गए। आरोप है कि गार्ड से बात कर रहे युवराज को दरोगा ने पीटना शुरू कर दिया। छात्र बचने का प्रयास करता रहा। वहीं, विजय उसे दौड़ा-दौड़ा कर पीटते रहे। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने छात्र को बचाने का प्रयास किया। इसके बाद भी विजय ने उसे नहीं छोड़ा। इस बीच अपार्टमेंट के लोगों ने घटना रिकार्ड कर ली। साथ ही सीसीटीटी से भी घटना की पुष्टि हुई। घर लौटे छात्र ने पिता को आपबीती बताई। इसके बाद मनीष मिश्रा बीबीडी कोतवाली पहुंचे और दरोगा विजय मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
आरोपी दरोगा विजय मिश्रा के मुताबिक सिक्योरिटी गार्ड से छात्र गलत लहजे में बात कर रहा था। कहासुनी होते देख वह छात्र को समझाने का प्रयास करने लगे। छात्र ने दरोगा को भी अपशब्द कह दिए। इस बात से गुस्साए दरोगा ने छात्र की पिटाई कर दी। इंस्पेक्टर बीबीडी अतुल श्रीवास्तव के मुताबिक दरोगा विजय मिश्रा को हिरासत में लेने के बाद मुचलके पर छोड़ा गया है।



