
लखनऊ। थाना पारा क्षेत्र में परीक्षा देने जा रही दो युवतियों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हसीब पुत्र स्वर्गीय सत्तार निवासी मिर्जानपुर, थाना कछौना, जनपद हरदोई के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पारा क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह आरोपी ने चारबाग बस अड्डे से परीक्षा देने जा रही दो युवतियों को अपने ऑटो में बैठाया और उन्हें आलमबाग ले जाने के बजाय पारा थाना क्षेत्र स्थित रामलीला ग्राउंड के पास सुनसान इलाके में पहुंचा दिया। वहां उसने युवतियों के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने दोनों के साथ मारपीट और अभद्रता की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पारा में मुकदमा संख्या 403/2026 के तहत धारा 75, 76, 352, 115(2) एवं 118(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी के ऑटो (UP32 PN 8865) को घेरने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए रानी लक्ष्मीबाई चिकित्सालय भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, एक अवैध तमंचा तथा जिंदा एवं खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पहले भी कर चुका है दुष्कर्म
जांच में सामने आया है कि हसीब आदतन अपराधी है। वर्ष 2024 में उसने हरदोई जिले के सण्डीला थाना क्षेत्र में भी एक महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया था। उस मामले में वह जेल भी जा चुका है।
आपराधिक इतिहास
मु0अ0सं0 378/2024
धारा 64(1), 74, 115(2), 352, 351(3) बीएनएस
थाना सण्डीला, जनपद हरदोई



