
लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र के जॉगर्स चौराहे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं और ड्यूटी समाप्त होने के बाद पैदल घर जा रही थीं। जानकारी के अनुसार, साधना पुत्री राम विशुन निवासी पनापुर कलां लगलेसरा, जनपद उन्नाव, विकल्प अस्पताल के नर्सिंग विभाग में कार्यरत थीं। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे शिफ्ट परिवर्तन के बाद वह पैदल घर जाने के लिए जॉगर्स चौराहे पर सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान मौरंग से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली संख्या UP32LP1910 की चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान मौरंग से भरी ट्रॉली युवती के ऊपर पलट गई, जिससे उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए विकल्प अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



