

लखनऊ: लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में दर्ज एक गुमशुदगी की जांच ने पुलिस को एक दिल दहला देने वाली हत्या का खुलासा करने तक पहुंचा दिया। गुमशुदगी संख्या 06/26 के तहत लापता हुए मानवेंद्र सिंह (पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह), निवासी एल-91 सेक्टर-एल, आशियाना की तलाश में जुटी पुलिस को जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य मिले।
पुलिस के अनुसार, जांच के क्रम में गुमशुदा के पुत्र अक्षत प्रताप सिंह (उम्र लगभग 21 वर्ष) से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि 20 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 4:30 बजे किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर उसने अपने पिता को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद अभियुक्त ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से मृतक के शव को मकान की तीसरी मंजिल से नीचे लाकर भूतल पर स्थित एक खाली कमरे में रखा। आरोप है कि उसने शव के कुछ अंग काटकर उन्हें सदरौना के पास फेंक दिया, जबकि शेष शव को एक ड्रम में छिपाकर रखा गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को तत्काल बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से परीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मृतक के परिजन भी मौजूद हैं। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर सनसनी फैली हुई है।



