अपराधलखनऊ

फरार दोनों बदमाश फर्रुखाबाद से गिरफ्तार, दरोगा व छह पुलिसकर्मियों सहित नौ पर मुकदमा दर्ज

लखनऊ। केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर से बुधवार को ईरानी गिरोह के दो बदमाशों के फरार होने के मामले में रायबरेली के डलमऊ थाने के एसओ पंकज त्रिपाठी ने दरोगा समेत सात पुलिसकर्मियों और दोनों बदमाशाें के खिलाफ चौक थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। वही शुक्रवार के दिन दोनों बदमाशों को रायबरेली व फर्रुखाबाद पुलिस ने फर्रुखाबाद से गिरफ्तार किया है।

एसओ डलमऊ पंकज त्रिपाठी ने तहरीर में लिखा है कि 9 जुलाई को पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश इंजमाम अली और इरफान अली घायल हुए थे। इंजमाम बड़े गांव शाहगंज जौनपुर का निवासी तो वहीं इरफान मध्य प्रदेश के उमरिया का है। इन दोनों को घायल हालत में रायबरेली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से मंगलवार को डॉक्टरों ने केजीएमयू रेफर कर दिया। मंगलवार को दोनों को लखनऊ के केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था जहां से दोनों बुधवार सुबह 6.30 बजे फरार हो गए। इस मामले में एसओ डलमऊ पंकज त्रिपाठी ने चौक थाने में तहरीर दी। जिसमें सुरक्षा में तैनात दरोगा मोहित कुमार, मुख्य आरक्षी लालसा चौहान, आरक्षी शक्ति सिंह, महेश सिंह, मुकेश साहू, सचिन सिंह गौतम, आनंद कुमार पर ड्यूटी के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया है। चौक पुलिस ने एसओ पंकज त्रिपाठी की तहरीर पर दरोगा, मुख्य आरक्षी व पांच आरक्षी और दोनों बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस की सक्रियता से दोनों बदमाशों को फर्रुखाबाद शहर कोतवाली अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है।

Related Articles

Back to top button