अपराध

बीच सड़क पर पत्नी की हत्या कर चाकू लेकर थाने पहुंचा पति

लखनऊ। विकासनगर स्थित जगरानी अस्पताल के पास बीच सड़क पति शकील अंसारी ने अपनी पत्नी गुलशन खातून की रविवार दोपहर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद खून से सना चाकू लेकर वह गुडंबा थाने पहुंचा और वहां उसने चिल्लाते हुए कहा कि साहब, मुझे गिरफ्तार कर लो। मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार करन लिया है।
मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले (गांव-छत्तु बधुआ, थाना-फुलवरिया) का रहने वाला शकील अंसारी यहां प्राइवेट नौकरी करता है। यहां वह गुडंबा के जहीरापुर में रहता है। शकील रविवार दोपहर 40 वर्षीय पत्नी गुलशन खातून को खुर्रमनगर में रहने वाली उसकी बहन रूबी के घर से लेकर जहीरापुर स्थित घर जा रहा था। जगरानी अस्पताल के पास दोनों के बीच किसी बात पर नोकझोंक शुरू हो गई। इसी बीच शकील ने चाकू निकाला और पत्नी पर ताबड़तोड़ कई वार किए। चाकू के प्रहार से गुलशन खातून खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ी। यह देख शकील भाग निकला। राहगीरों की मदद से गुलशन को क्षेत्र स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, वहां, डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, शकील खून से सना चाकू लेकर गुडंबा थाने पहुंचा। वहां उसने चिल्लाते हुए कहा कि साहब, मुझे गिरफ्तार कर लो। मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इंस्पेक्टर गुडंबा सतीश साहू ने एडीसीपी प्राची सिंह को सूचना दी और आरोपित शकील को हिरासत में ले लिया।
एडीसीपी प्राची सिंह ने बताया कि शकील की दो शादियां हुई थीं। गुलशन खातून पहली पत्नी थी। दूसरी पत्नी लैला है। गुलशन से शकील का विवाद चल रहा था। गुलशन ने कुछ समय पहले ही शकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें वह एक माह तक जेल में रहा। हाल में वह छूटा था। एडीसीपी ने बताया कि आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button