अपराध

खुद को एसीपी बताकर नौकरी दिलाने के नाम पर हड़पे पांच लाख

लखनऊ। खुद को एसीपी बताकर जालसाज ने नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये हड़प लिए। भरोसे में लेने के लिए आरोपित ने फर्जी इंटरव्यू लेटर भी थमा दिया। पीड़ित इंटरव्यू के लिए पहुंचा तो पता लगा कि ऐसी कोई भर्ती नहीं है। मामले में विभूतिखण्ड पुलिस केस दर्ज कर तफ्तीश कर रही है।
माल के जगदीशपुर निवासी सूरज पाल के मुताबिक विभूतिखण्ड इलाके में उनकी मुलाकात बरेली के इज्जतनगर निवासी जितेन्द्र कुमार गुप्ता उर्फ जतिन से हुई थी। उसने खुद को एसीपी बताते हुए दिल्ली में अच्छी जान पहचान का हवाला दिया। भरोसे में लेने के लिए जालसाज ने पुलिस की वर्दी में अपने फोटो भी दिखाई। उसने कहा कि दिल्ली एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड में लोअर डिवीजन क्लर्क के पद पर भर्ती निकली है। अगर वह 10 लाख रुपये खर्च करे नौकरी लग जाएगी। जिसमें से पांच लाख रुपये इंटरव्यू लेटर मिलने पर व 5 लाख रुपये ज्वाइनिंग के बाद देने होंगे। बातों में भरोसा कर उसने हामी भर दी। कुछ समय बाद जालसाज ने फर्जी इंटरव्यू लेटर थमा कर 2.45 लाख रुपये खाते में व 2.55 लाख रुपये नगद ले दिए। वह निर्धारित तारीख पर इंटरव्यू देने के लिए पहुंचा तो पता लगा कि यह लेटर फर्जी है। जांच पड़ताल की तो सोशल मीडिया के द्वारा पता लगा कि आरोपित जितेन्द्र गुप्ता उर्फ सचिन ने कई अन्य लोगों के साथ भी फ्राड किया है। इंस्पेक्टर विभूतिखण्ड राम सिंह ने बताया कि पीडि़त के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button