देश के लिए माडल होगा सीएम योगी का फार्मूला, माफिया से छुड़ाई जमीन पर बनाया जाएगा गरीबों का आशियाना

लखनऊ। दंगाइयों से नुकसान की भरपाई का एक फार्मूला दे चुके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस दिशा में एक और कदम बढ़ाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आवास विभाग को निर्देशित किया है कि माफिया व अन्य लोगों से प्रदेश भर में मुक्त कराई गई सरकारी जमीन में से आधी पर गरीबों के घर बना सकते हैं और बाकी का व्यावसायिक उपयोग किया जा सकता है। योगी मानते हैं कि यह देश के लिए एक माडल होगा और इसकी सराहना की भी जाएगी।
आवास विभाग के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों को हटाकर आवासहीन गरीबों को वर्टिकल आवासीय सुविधा दी जानी चाहिए। इससे इनके जीवन एवं रहन-सहन में सुधार आएगा। अवैध कब्जों से मुक्त कराई गई ऐसी सरकारी जमीन के आधे क्षेत्रफल में बड़ी संख्या में लोगों को आवास दिए जा सकते हैं। शेष जमीन का व्यावसायिक उपयोग करते हुए बाजार, पार्क और जनसुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे माडल को देशभर में काफी सराहा जाएगा। साथ ही गरीबों के जीवन स्तर में सुधार होगा। इस तरह आवास विभाग लोक स्वास्थ्य पर होने वाले खर्चे को कम करने में एक बड़ी भूमिका निभा सकेगा।
योगी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में शासन और स्थानीय निकाय के स्तर पर पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं होती है, वहां ट्यूबवेल और सबमर्सिबल पंप से लिया जाता है। इससे शहरी क्षेत्रों में भूगर्भ जल की समस्या खड़ी हो रही है। पानी का लेवल डार्क जोन या क्रिटिकल जोन में है। प्रदेश सरकार द्वारा नक्शा पास कराते समय मकान में वर्षा जल संचयन की सुविधा करने का आह्वान किया गया है। प्रत्येक परिवार यह व्यवस्था करेगा तो वर्षा जल व्यर्थ नहीं होगा। भूगर्भ जल का स्तर सुधरेगा और लोगों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि आवास विभाग इस काम को मिशन मोड पर कर सकता है।



