अपराध

लखनऊ में फर्जी प्लॉट डीलिंग गैंग का पर्दाफाश, शातिर आरोपी गिरफ्तार

लखनऊराजधानी लखनऊ में प्लॉट के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन स्थित पीजीआई थाना पुलिस ने यह कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से कई अहम दस्तावेज और बैंक कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सर्वेश कुमार पाण्डेय (36 वर्ष) निवासी रतनखंड, शारदानगर थाना आशियाना के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता था। आरोपी लंबे समय से फर्जी कागजात तैयार कर प्लॉट बेचने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर रहा था।

ऐसे करता था ठगी

मामला तब सामने आया जब उन्नाव की रहने वाली गायत्री देवी ने 9 जनवरी 2025 को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्वेश पाण्डेय और उसके साथियों ने प्लॉट बेचने के नाम पर उनसे रुपये ऐंठ लिए और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए धोखा दिया। इस पर थाना पीजीआई में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी विभूतिखंड क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से मोबाइल, दो पैन कार्ड, आधार कार्ड, तीन डेबिट कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुए।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग के नाम पर फर्जीवाड़ा कर अवैध तरीके से पैसा कमाता था, जिससे अपने शौक पूरे करता था।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ लखनऊ और सोनभद्र समेत कई स्थानों पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

Related Articles

Back to top button