
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन दक्षिणी अंतर्गत थाना नगराम पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने युवक की हत्या की गुत्थी को मात्र 36 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आलाकत्ल लोहे की पाइप एवं जीन्स पैंट भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार दिनांक 23 जनवरी 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गुलालखेड़ा निवासी ओमप्रकाश का शव गांव के बाहर इंदिरा नहर की पटरी के नीचे झाड़ियों में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना नगराम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य संकलन किया गया। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। मृतक की मां श्रीमती गीता देवी पत्नी स्वर्गीय रामहरक की तहरीर पर थाना नगराम में मु0अ0सं0-15/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें कुल पांच आरोपियों को नामजद किया गया था। घटना के अनावरण के लिए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया तथा सर्विलांस टीम को भी लगाया गया। तकनीकी, मैनुअल साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने अरविन्द कुमार उर्फ अरुण (उम्र लगभग 20 वर्ष) निवासी ग्राम गुलालखेड़ा, थाना नगराम को अचलीखेड़ा बैराज के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक ओमप्रकाश से उसका पूर्व से विवाद चला आ रहा था। दो माह पूर्व दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी। आरोपी गांव के किनारे नहर की पटरी पर अंडे का ठेला लगाता है। दिनांक 22 जनवरी 2026 की रात मृतक अपने साथियों के साथ वहां अंडा खाने व शराब पीने आया था। अधिक नशे में होने के कारण मृतक वहीं जमीन पर सो गया। आरोपी ने इसे बदला लेने का अवसर समझा और घर से लोहे की पाइप लेकर वापस आया। नशे में बेसुध पड़े ओमप्रकाश को झाड़ियों में खींचकर ले गया और उसके सिर पर लोहे की पाइप से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप एवं जीन्स पैंट बरामद कर ली है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने इस सफल अनावरण के लिए थाना नगराम पुलिस एवं सर्विलांस टीम जोन दक्षिणी की सराहना की है।



